जबलपुर : एक ही थाना क्षेत्र में दो आत्महत्याओं से परिजन सदमें में
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
जबलपुर, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के रांझी और खमरिया थाना क्षेत्रों में आत्महत्या के दो अलग-अलग मामलों ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। दोनों घटनाओं में 40 वर्षीय युवकों ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
रांझी पुलिस के अनुसार, केवट मोहल्ला निवासी अनिल केवट (40) अपने घर में अकेले रहते थे। उनकी रिश्तेदार राखी केवट ने बताया कि 10 जून की रात उनकी अनिल से बातचीत हुई थी, जिसके बाद वह अपने घर चली गई थीं। गुरुवार सुबह अनिल की मां और गोविंद केवट जब उनके घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां अनिल का शव कमरे में लकड़ी की बल्ली से फंदे पर लटका मिला।
वहीं खमरिया थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में भी इसी तरह की घटना सामने आई। बंटी यादव ने पुलिस को बताया कि उसकी गिरीश (40) से पुरानी मित्रता थी। बुधवार देर रात गिरीश की मां तुलसा बाई ने फोन कर बताया था कि गिरीश घर पर सो रहा है और जाकर देख लेने को कहा। जब बंटी गिरीश के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां गिरीश का शव लकड़ी की बल्ली से फंदे पर लटका मिला।
दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
---------------

