सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी राजस्थान इकाई भंग,जल्द बनेगी नई कार्यकारिणी

जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) राजस्थान कोर कमेटी की बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से लंबे समय से यह देखा जा रहा था कि राजस्थान प्रदेश कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी केवल नाम मात्र के पदों पर थे और संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय भूमिका नहीं निभा रहे थे। इसके चलते राजस्थान की पूरी प्रदेश इकाई को भंग कर दिया गया।

प्रदेश प्रभारी सुभाष चंद्र यादव ने कई बार प्रदेश कार्यकारिणी के साथ बैठक कर स्थिति सुधारने का प्रयास किया। लेकिन कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा। इसी बीच राजस्थान में कई गंभीर घटनाएं हुईं। जिनमें भी प्रदेश कार्यकारिणी की निष्क्रियता सामने आई। प्रदेश प्रभारी द्वारा इन परिस्थितियों की जानकारी राष्ट्रीय कार्यकारिणी को दी गई, जिसके बाद मंथन कर 15 नवंबर को राजस्थान की पूरी प्रदेश इकाई को भंग करने का निर्णय लिया गया।

कोर कमेटी के अध्यक्ष महेश सैनी ने बताया कि राजस्थान की नई कार्यकारिणी का गठन जल्द किया जाएगा। साथ ही सदस्यता अभियान को राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर एवं प्रदेश प्रभारी सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में पूरे राजस्थान में चलाया जाएगा। उनके विचारों को राज्य के हर घर तक पहुँचाया जाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर पार्टी की छवि खराब करने के उद्देश्य से प्रसारित कुछ वीडियो पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। कोर कमेटी ने ऐसे दुष्प्रचार की निंदा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

   

सम्बंधित खबर