सिलीगुड़ी, 22 जून (हि.सं.)। भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने सोमवार को बंगाल विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा पेश किये गये प्रथम बजट को “ऐतिहासिक” बताया है। उन्होंने कहा यह राज्य के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। सोमवार को बागडोगरा एयरपोर्ट पर सुकांत मजूमदार ने पत्रकारों से बात करते हुए यह बात कही।
सुकांत मजूमदार ने कहा कि वर्ष 2014 से उत्तर बंगाल के लोग भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का समर्थन कर रहे है। उसी के परिणामस्वरूप क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे है।
सुकांत मजूमदार ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा ने यह साबित किया है कि वह अन्य दलों से अलग तरीके से काम करती है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर बंगाल से कई मंत्री बनाए गए है। राज्य बजट में भी इस क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की घोषणा की गई है, जो सामाजिक और आर्थिक प्रगति को गति देंगी।
उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों में पश्चिम बंगाल विकास के मामले में पीछे रह गया था, लेकिन अब उस खालीपन को तेजी से भरा जा रहा है। उनके अनुसार, “उत्तर बंगाल अब बिजली की गति से आगे बढ़ रहा है,” जहां हवाई अड्डों से लेकर आईआईटी और नगरपालिकाओं तक का विस्तार हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार राजस्व बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है, जबकि पहले की सरकारें शराब से आय पर निर्भर थी।
सीपीएम और तृणमूल कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में जो “खाई” बनी थी, उसे भरने का काम अब शुरू हो चुका है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बजट में आदिवासी भाषाओं और संस्कृति के विकास के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए है।

