डिप्टी सीएम विजेंद्र प्रसाद यादव की पहल पर सुपौल-दरभंगा NH परियोजना को मिली रफ्तार,सुपौल-दरभंगा NH के लिए DPR के निर्देश

Cm

सुपौल, 07 जुलाई (हि.स.)।

बिहार के कोसी और मिथिलांचल क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सुपौल से दरभंगा तक नए राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को इस प्रस्तावित सड़क परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश जारी किया है। 7 जुलाई 2026 को मंत्रालय के अवर सचिव जया प्रकाश द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी ने सुपौल से दरभंगा तक (बेरिया मंच एवं मधेपुर होते हुए) राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कराने का निर्णय लिया है।

मंत्रालय ने एनएचएआई से कहा है कि प्रस्तावित सड़क की व्यवहार्यता का अध्ययन कर जल्द से जल्द डीपीआर Dश तैयार की जाए और रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी जाए, ताकि परियोजना पर आगे की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति संबंधी निर्णय लिए जा सकें।

यह परियोजना लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की प्रमुख मांग रही है। वर्तमान में सुपौल से दरभंगा के बीच यात्रा करने वाले लोगों को कई स्थानों पर संकरी और जर्जर सड़कों से होकर गुजरना पड़ता है।

नया राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि सड़क परिवहन भी अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। प्रस्तावित मार्ग सुपौल से निकलकर बेरिया मंच और मधेपुर होते हुए दरभंगा तक पहुंचेगा।

इससे सुपौल, मधेपुर, दरभंगा समेत आसपास के कई प्रखंडों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।

इसके अलावा कृषि उत्पादों के परिवहन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हालांकि, फिलहाल परियोजना प्रारंभिक चरण में है।डीपीआर तैयार होने और व्यवहार्यता रिपोर्ट मिलने के बाद ही सड़क की लंबाई, अंतिम अलाइनमेंट, निर्माण लागत, भूमि अधिग्रहण तथा निर्माण कार्य की समय-सीमा को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद केंद्र सरकार परियोजना को मंजूरी देकर निर्माण कार्य शुरू करने पर निर्णय लेगी।

केंद्र सरकार के इस निर्देश को सुपौल और मिथिलांचल क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यदि परियोजना को अंतिम स्वीकृति मिलती है, तो यह राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।

इस परियोजना को आगे बढ़ाने में बिहार के डिप्टी सीएम विजेंद्र प्रसाद यादव के प्रयासों की भी अहम भूमिका बताई जा रही है।

लंबे समय से उन्होंने सुपौल से दरभंगा तक राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की आवश्यकता को विभिन्न स्तरों पर उठाया। उनके लगातार प्रयासों और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से किए गए अनुरोध के बाद अब मंत्रालय ने परियोजना की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पहल से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।

   

सम्बंधित खबर