पूर्व भाजपा सरकार को कोसने में व्यस्त है कांग्रेस: सुरेश कश्यप

शिमला, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और उनकी सरकार का एकमात्र एजेंडा केवल पिछली भाजपा सरकार को कोसना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार हर सुबह उठकर भाजपा पर आरोप लगाने का ही कार्य करती है, जबकि विकास के नाम पर कुछ भी ठोस नजर नहीं आता।

सुरेश कश्यप ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि अब राज्य की बागडोर उनके हाथ में है और प्रदेश की प्रगति की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह याद रखना चाहिए कि अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और अगर विकास नहीं हो रहा तो उसकी सीधी जिम्मेदारी वर्तमान सरकार पर ही है, पूर्व की भाजपा सरकार पर नहीं।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले मुख्यमंत्री प्रदेश की समस्याओं से अच्छी तरह अवगत थे क्योंकि वे पहले भी विधायक रहे हैं। इसके बावजूद सत्ता मिलने के बाद वे केवल दोषारोपण की राजनीति कर रहे हैं और विकास की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहे।

कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार हर वर्ष हिमाचल प्रदेश को 11,000 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता दे रही है। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार केंद्र का आभार प्रकट करने की बजाय यह कहती है कि यह हमारा अधिकार है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हक तब होता जब आपने कोई राशि केंद्र के खाते में जमा करवाई होती, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। फिर भी केंद्र सरकार लगातार हिमाचल की मदद कर रही है, जो भाजपा की सकारात्मक सोच को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर