कैथल: पहली अक्टूबर को भाजपा की विदाई पर जनता की मुहर लग जाएगी: रणदीप सुरजेवाला

कैथल, 16 अगस्त (हि.स.)। चुनाव आयोग द्वारा मतदान की तारीख ऐलान करने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि चुनाव के दिन पहले अक्टूबर को पहले पहर में ही जनता भाजपा की विदाई पर मोहर लगा देगी। शुक्रवार को किसान भवन में बोलते हुए रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि जनता के जनमत से विश्वासघात करके बनी भाजपा सरकार ने शकुनी के चौसर की तरह फांस कर हरियाणा को चौतरफ़ा चौपट करने का पाप किया है। भाजपा के डबल इंजन ने एक तरफ हरियाणा के किसानों को अपने खेत खलिहान छोड़कर बार-बार न्याय की गुहार लिए‌दिल्ली के दरवाजे पर दस्तक देने को मजबूर किया तो दूसरी तरफ लाठी-डंडे, कील-कांटे से लैस अपने सारे क्रूर तंत्र को झोंककर हर दिन धरती पुत्रों की आवाज़ दबाने, आंदोलन का दमन करने और साजिशें रचने पूरी ताकत लगा दी। जिनका डीएनए ही किसान विरोधी है उन्होंने किसानों की शहादत के बाद भी एमएसपी पर धोखा ही दिया है।

सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा के नौजवानों से सेना में जाने का सपना छीन कर उन्हें बेरोजगारी के अग्निपथ पर धकेल दिया और मोदी जी के चहेते भाजपा के नेता बृजभूषण शरण सिंह के अन्याय के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाती हरियाणा की पहलवान बेटियों को दिल्ली पूलिस से सड़कों पर घसीटवाया और पिटवाया।‌नकल माफियाओं और पेपर लीक के सरगनाओं का आतंक ऐसा कि हरियाणा में एक भी भर्ती परीक्षा ठीक से होना मुश्किल रहा। भाजपा-जजपा की पर्ची और खर्ची वाली सरकार ने भर्ती के नाम पर युवाओं को सिर्फ धोखा दिया और जमकर उगाही की। आए दिन अपराध की घटनाएं हरियाणा के हर इलाके से सुर्खियां बनती रहीं। हरियाणा की जनता ने अब भाजपा के पर्दे के पीछे का छुपा खेल भी समझ लिया। इस बार सारा हिसाब बराबर होगा। हरियाणा की जनता अब भाजपा के हर धोखे, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार का जवाब देने जा रही है। चुनाव के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। अब केवल नतीजों का इंतजार है

हिन्दुस्थान समाचार / नरेश कुमार भारद्वाज / संजीव शर्मा

   

सम्बंधित खबर