होर्मुज जलडमरूमध्य में संदिग्ध बारूदी सुरंग की चेतावनी, ओमान ने जहाजों और नाविकों को किया सतर्क
- DSS Admin
- May 31, 2026
मस्कट, 30 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी कूटनीतिक हलचलों और अमेरिका-ईरान वार्ता के बीच ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक संदिग्ध तैरती वस्तु देखे जाने के बाद समुद्री सुरक्षा चेतावनी जारी की है। आशंका जताई जा रही है कि यह वस्तु समुद्री बारूदी सुरंग हो सकती है, जिससे क्षेत्र में नौवहन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ओमान के समुद्री सुरक्षा विभाग ने एक आधिकारिक सूचना में बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के भीतर ओमान के समुद्री क्षेत्र में इनशोर ट्रैफिक जोन के पश्चिमी हिस्से में एक संदिग्ध तैरती वस्तु देखी गई है। इसके बाद सभी नाविकों, मछुआरों और व्यावसायिक जहाजों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
समुद्री सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि समुद्र का उपयोग करने वाले सभी लोग किसी भी संदिग्ध वस्तु से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। सुरक्षा एजेंसियां मामले की निगरानी कर रही हैं और वस्तु की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
यह चेतावनी ऐसे समय में सामने आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने तथा क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने के उद्देश्य से बातचीत जारी है। हाल के दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई है, क्योंकि यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा और व्यापारिक समुद्री मार्गों में से एक है।
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के साथ संभावित समझौते के लिए कई शर्तें रखी हैं, जिनमें परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दे और होर्मुज जलडमरूमध्य में अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों के निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करना शामिल है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि अमेरिकी प्रशासन ऐसा समझौता चाहता है जो क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक सुरक्षा के हितों के अनुरूप हो।
----------------------

