स्वदेशी जागरण मंच जयपुर प्रांत का कार्यकर्ता विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग संपन्न

जयपुर, 19 जून (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच जयपुर प्रांत का दो दिवसीय कार्यकर्ता विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग 17 एवं 18 जून को श्यामपुर स्थित बुहारिया वाटिका के प्रताप कॉलेज परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में जयपुर प्रांत के 136 दायित्ववान कार्यकर्ताओं का पंजीयन हुआ, जिनमें से 97 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान आयोजित 8 विभिन्न सत्रों में स्वदेशी, उद्यमिता, स्वरोजगार, जैविक एवं पारंपरिक कृषि, कार्यकर्ता नेतृत्व विकास, युवा, महिला एवं वरिष्ठ नागरिक आयाम, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत, एक्सपोर्ट फोरम, स्वदेशी व्यापारी मंच, टीम-11 तथा स्वदेशी मेला जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। इन विषयों पर अखिल भारतीय, राजस्थान क्षेत्र एवं जयपुर प्रांत के वरिष्ठ दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण प्रदान किया।

उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक महेंद्र सिंह मग्गो, स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठक एवं वरिष्ठ प्रचारक कश्मीरी लाल, एक्सपोर्ट फोरम के सचिव अनिल वर्मा, क्षेत्र संयोजक सतीश आचार्य, स्वावलंबी भारत अभियान के क्षेत्र समन्वयक लोकेन्द्र सिंह नरूका, क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुदेश सैनी, प्रांत संयोजक सुरेंद्र नामा, प्रांत सहसंयोजक विनोद पाल यादव एवं प्रांत समन्वयक दिनेश चंद्र शर्मा मंचासीन रहे।

राष्ट्रीय संगठक कश्मीरी लाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं, उद्यमियों तथा स्वदेशी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ता स्वदेशी विचार को जन-जन तक पहुंचाकर राष्ट्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि स्वदेशी विचार, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, उद्यमिता एवं स्वावलंबन के माध्यम से भारत विश्व पटल पर अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा।

प्रांत संघचालक महेंद्र सिंह मग्गो ने कहा कि कार्यकर्ता स्वयं से शुरुआत करते हुए समाज में स्वदेशी संकल्पित परिवारों की अवधारणा को विकसित करें। स्वावलंबी भारत अभियान के क्षेत्र समन्वयक लोकेन्द्र सिंह नरूका ने युवाओं को उद्यमिता एवं रोजगार आधारित गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया।

प्रांत संयोजक सुरेंद्र नामा ने कहा कि इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य केवल वैचारिक चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वदेशी आधारित विकास मॉडल को स्थापित करना है। तभी हम भारत को पुनः विश्वगुरु के पद पर स्थापित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं का यह नैतिक दायित्व है कि वे इस राष्ट्रहितकारी अभियान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं।

समापन सत्र में राष्ट्रीय संगठक कश्मीरी लाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे नियमित प्रवास, सहयोग एवं समन्वय के माध्यम से संगठन का विस्तार तहसील और नगर स्तर तक करें तथा स्वदेशी के विचार को जन-जन तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी, स्वावलंबी एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर