कोलकाता, 04 जून (हि.स.)। पूर्व मंत्री अरूप विश्वास के भाई स्वरूप विश्वास को न्यू अलीपुर थाना पुलिस ने उगाही के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उन पर टॉलीगंज स्थित तकनीशियन स्टूडियो के तकनीशियनों और कर्मचारियों से अवैध रूप से धन वसूली करने का आरोप है।जानकारी के अनुसार स्वरूप विश्वास लंबे समय से पूर्वी भारत के सिने तकनीशियन एवं कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पद पर रहे हैं। इस दौरान उन पर कई बार कलाकारों और कर्मचारियों के एक वर्ग ने दबाव और वसूली से जुड़े आरोप लगाए थे। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि राजनीतिक प्रभाव के समय उनकी स्थिति काफी मजबूत थी, लेकिन हाल के समय में सत्ता समीकरण बदलने के बाद उनका प्रभाव घटता गया।
बताया जा रहा है कि राज्य में राजनीतिक बदलाव के बाद इस संघ का ढांचा भी धीरे-धीरे कमजोर पड़ गया और हाल ही में इसके अस्तित्व को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी की विधायक पापिया अधिकारी ने स्टूडियो क्षेत्र में संघ को समाप्त करने की बात कही थी और कहा था कि अब टॉलीगंज के फिल्म उद्योग से जुड़ी व्यवस्थाएं पूर्वी भारत मोशन पिक्चर परिसंघ के अंतर्गत संचालित की जाएंगी।
पुलिस का कहना है कि शिकायतों की जांच के बाद स्वरूप विश्वास के खिलाफ उगाही के आरोपों की पुष्टि के आधार पर कार्रवाई की गई है और आगे की जांच जारी है। इस गिरफ्तारी के बाद टॉलीगंज फिल्म उद्योग और उससे जुड़े संगठनात्मक ढांचे में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
------------

