धमतरी, 04 जून (हि.स.)। सूने मकान से लाखों की जेवरात चोरी करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपितों के पास से चोरी किए जेवरात व घटना में प्रयुक्त औजार जब्त कर तीनों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। आरोपितों में रायपुर के एक सराफा कारोबारी भी शामिल है, जो चोरी के सोना को गलाकर बिस्किट बनाकर खफा दिया।
भखारा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी कृष्ण कुमार कोसरे निवासी ग्राम कोसमर्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मई को जब वह अपने परिवार सहित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अभनपुर गए हुए थे। कार्यक्रम निबटाकर जब वे 17 मई को वापस घर लौटे तो देखा कि उनके मकान का मुख्य दरवाजा एवं आलमारी का लाक टूटा हुआ मिला। वहीं घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम चोरी होना पाया गया, तो कृष्ण कुमार कोसरे ने घटना की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पतासाजी में जुटी हुई थी, इस बीच संदेही घनश्याम यादव को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपित ने अपने साथी हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपितों ने बताया कि दोनों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया तथा आलमारी का लाक तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम चोरी की थी। चोरी के बाद दोनों ने आपस में जेवरात का बंटवारा कर लिया तथा नगदी राशि खर्च कर दिया।
आरोपितों के पास से पुलिस ने जेवरात एवं घटना में प्रयुक्त औजार बरामद की। इसके बाद पुलिस टीम ने रायपुर पहुंचकर हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने भी अपराध स्वीकार करते हुए अपने हिस्से के चोरी के जेवरात बरामद कराए। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि चोरी गए सोने के गुलबंद को बेचने के उद्देश्य से आरोपित हेमन्त ने अपने परिचित के काराेबारी ओमप्रकाश सोनी को दिया था। पूछताछ में ओमप्रकाश सोनी ने उक्त सोने के गुलबंद को गलाकर सोने का बिस्किट बनाना स्वीकार किया, जिसे पुलिस द्वारा विधिवत बरामद कर जब्त किया है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपित घनश्याम यादव 23 वर्ष निवासी ग्राम कोसमर्रा, थाना भखारा, हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी 25 वर्ष निवासी ग्राम कोसमर्रा, थाना भखारा हाल निवासी-मठपुरैना,रायपुर और ओमप्रकाश सोनी 30 वर्ष निवासी प्रोफेसर कालोनी, सेक्टर-दो, रायपुर के खिलाफ जुर्म दर्ज कर तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

