संविधान और सामाजिक न्याय से समझौता नहीं होगा : श्याम लाल पाल
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
कानपुर, 30 जून (हि.स.)। संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा समाजवादी पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीडीए और आरक्षण के अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह बातें समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मंगलवार को अखिलेश यादव के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित महिला सम्मान समारोह में कहीं।
शहर में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं और समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। श्याम लाल पाल ने आयोजक अर्पणा जैन और उनकी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान समाजवादी विचारधारा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर संविधान, सामाजिक न्याय, पीडीए और आरक्षण के मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है तथा उन्हें पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने अयोध्या लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता ने अपने मतदान के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए समाज ने भाजपा पर भरोसा किया, लेकिन बदले में उसे निराशा हाथ लगी। उनका कहना था कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि संविधान की भावना को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वाले लोग जनता की भावनाओं के साथ न्याय नहीं कर सके और जनता अब सब कुछ समझ रही है।
समारोह के अंत में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से समाजवादी पार्टी की नीतियों और सामाजिक न्याय के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही महिलाओं, पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को संगठित कर आगामी राजनीतिक अभियान को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

