जांजगीर-चांपा: फल्ली बेचकर लौट रहे युवक से लूट मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार, माेटरसाइकिल और नगदी बरामद
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
जांजगीर-चांपा, 22 जून (हि. स.)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में फल्ली बेचकर लौट रहे एक युवक से मोबाइल फोन, नगदी राशि और माेटरसाइकिल की चाबी लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपिताें को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपिताें में दो बालिग युवक और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लूट की बची हुई नगदी, पीड़ित की बाइक की चाबी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित अजय कुमार बारले, निवासी बिसनपुर जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 जून 2026 को अपनी टीवीएस एक्सएल मोटरसाइकिल से गांव-गांव जाकर फल्ली बेचने का काम कर रहा था। शाम के समय वह ग्राम जेवरा से बोरसी की ओर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल खराब हो गई, जिसके कारण वह वाहन को ढकेलते हुए आगे बढ़ रहा था।
बताया गया कि शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच नहर किनारे एक पेड़ के पास मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 बीक्यू 3519 में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले युवक को रोका और फिर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपित ने उसका हाथ पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने उसकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया। तीसरे आरोपित ने उसकी पैंट की पिछली जेब में रखे 8 हजार रुपये नकद निकाल लिए। इसके बाद आरोपिताें ने पीड़ित की माेटरसाइकिल की चाबी भी छीन ली और उसे धमकाते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में मुलमुला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और साइबर तकनीकी की मदद से आरोपिताें की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। बताया गया कि लूट के समय आरोपी आपस में एक-दूसरे का नाम ले रहे थे, जिससे पुलिस को उनकी पहचान करने में मदद मिली।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम जेवरा निवासी प्राणनाथ केंवट उर्फ गुनवा (23 वर्ष) और राजविंद उर्फ आर्यन यादव (18 वर्ष 1 माह) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य नाबालिग साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपिताें ने पुलिस को बताया कि लूटी गई नगदी राशि का अधिकांश हिस्सा खर्च कर दिया गया है। उनके कब्जे से 1,500 रुपये नकद, पीड़ित की माेटरसाइकिल की चाबी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपिताें ने यह भी खुलासा किया कि लूटा गया मोबाइल फोन उन्होंने लीलागर नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोबाइल की तलाश की, लेकिन वह बरामद नहीं हो सका।
पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर आज साेमवार काे जेल भेज दिया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

