डीजल-पेट्रोल बचाने काे सांसद रवि किशन ने चलाई साइकिल, दिया जागरूकता संदेश
- DSS Admin
- May 18, 2026
गोरखपुर, 18 मई (हि.स.)। वैश्विक परिस्थितियों और बढ़ती ईंधन खपत के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल बचत के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने सोमवार को साइकिल चलाकर लोगों को जागरूक किया।
सांसद रवि किशन ने गोरखपुर की सड़कों पर साइकिल चलाते हुए आमजन, युवाओं और अपने समर्थकों को संदेश दिया कि देशहित में ईंधन की बचत बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि दुनिया के मौजूदा हालात को देखते हुए भारत को पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की दिशा में गंभीर प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर सभी नागरिकों को डीजल-पेट्रोल की बचत करनी चाहिए, ताकि देश पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हो सके। उन्होंने कहा कि भारत हर दिन ईंधन आयात पर भारी खर्च करता है और यदि लोग जागरूक होकर ईंधन की बचत करें तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सांसद ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना काल में जिस तरह देशवासियों ने प्रधानमंत्री का सहयोग किया था, उसी प्रकार अब ऊर्जा संरक्षण के अभियान में भी सहभागिता करें। उन्होंने किसानों से खेती में सौर ऊर्जा के अधिक उपयोग की अपील करते हुए कहा कि इससे खर्च कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
साइकिल यात्रा के दौरान सांसद के साथ बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। उनके इस संदेश को लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।
---------------

