आपातकाल संवैधानिक प्रावधान था, आज तो अघोषित आपातकाल : कांग्रेस

रायपुर, 23 जून (हि.स.)। आपातकाल पर भाजपा भ्रम फैला रही है, देश में आपातकाल तो अब लागू है। यह बयान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को जारी किया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि, आपातकाल लगाना देश की परिस्थितियों के अनुरूप महामहिम राष्ट्रपति और तत्कालीन सरकार ने निर्णय लिया था। देश की परिस्थितियां उस समय नियंत्रण के बाहर थी।

दीपक बैज ने कहा कि देश में कानून व्यवस्था, लॉएन आर्डर, और तमाम तरीके की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिये, सुदृढ़ करने के लिये आपातकाल का निर्णय लिया गया था और जब स्थितिया सुधर गयी तो आपातकाल को हटा दिया गया था, उस समय जो लोग सरकार के खिलाफ विद्वेष फैला रहे थे, दंगा फैला रहे थे, उन लोगो के खिलाफ निरूद्ध करने के लिये कार्यवाही की गयी, उन्हें जेल में डाला गया था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, आपातकाल का विरोध करने वाली भाजपा की सरकार ने 12 साल से देश में अघोषित आपातकाल लगा रखा है। आम जनता के ऊपर टैक्स लादा जा रहा है, पेपर लीक हो रहे हैं, बढ़ती महंगाई बेरोजगारी से हर वर्ग हताश और परेशान है। जनता मूलभूत की सुविधाओं के लिए तरस रही है, समय पर ट्रेन नही मिल रहा है। सरकारी दफ्तरों में अराजकता है, 80 करोड़ लोग 5 किलो अनाज पर निर्भर है, न उनके पास काम है न भरपेट भोजन की व्यवस्था है। व्यापारी वर्ग डरा हुआ है, देश की संपत्तियां बिक रही है, यह असल मायने में आपातकाल है 12 साल से देश में आपातकाल का दो काला खण्ड चल रहा था, अब तीसरा खण्ड शुरू हुआ है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, देश में लोकतंत्र के अधिकारों का उपयोग करने से रोका जाता है, किसान नौजवान आंदोलन करें तो उन्हें देशद्रोही ठहराया जाता है, उन पर लाठियां चलाई जाती है, जेल में बंद किया जाता है। विपक्ष को डराया धमकाया जाता है। सदन से लेकर सड़क तक जनता के सवाल उठाने वालों की आवाज को दबाने सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग किया जाता है। विपक्ष को बोलने से रोका जाता है। 12 साल से इस देश में अघोषित आपातकाल का काला अध्याय चल रहा है और उसके लिए भाजपा जिम्मेदार है।

   

सम्बंधित खबर