जौनपुर में भीषण सड़क हादसा, स्कूटी-बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत, छह घायल

जौनपुर,18 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में केराकत कोतवाली थाना अंतर्गत सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चौकियां नईबाजार स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक के पास स्कूटी और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार सरौनी पश्चिम पट्टी गांव निवासी अविनाश, अमित, पंकज और इशू कुमार एक स्कूटी पर सवार होकर देवकली बाजार जा रहे थे। इसी दौरान जौनपुर की ओर से आ रही बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों पर सवार लोग सड़क किनारे दूर जा गिरे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं पांच अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक की पहचान गाजीपुर जनपद के खानपुर थाना क्षेत्र के चांदेपुर गांव निवासी सूरज पुत्र रूप में हुई है। बताया गया कि सूरज अपने पिता के साथ किसी कार्य से जौनपुर आया था और घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। युवक के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार एक स्कूटी पर चार लोगों का सवार होना हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस ने एक शव को कब्जे में ले लिया है। बाकी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

   

सम्बंधित खबर