ट्राई के मोबाइल नेटवर्क टेस्ट में सतारा में जियो अव्वल, बीएसएनएल में सबसे अधिक कॉल ड्रॉप

नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के महाराष्ट्र के सतारा जिले में किए गए मोबाइल नेटवर्क टेस्ट में रिलायंस जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है। टेस्ट के दौरान जियो ने डाउनलोड स्पीड, कवरेज और कॉल गुणवत्ता के अधिकांश मानकों पर अन्य कंपनियों को पीछे छोड़ा, जबकि बीएसएनएल में सबसे अधिक कॉल ड्रॉप और सबसे ज्यादा कवरेज गैप दर्ज किया गया।

केंद्रीय संचार मंत्रालय ने बताया कि ट्राई ने यह मोबाइल नेटवर्क टेस्ट 10 से 13 मार्च के बीच सतारा जिले में कराया था। इसके तहत 535.5 किलोमीटर सिटी रूट, 103.3 किलोमीटर हाईवे रूट, 15 प्रमुख हॉटस्पॉट और 9.8 किलोमीटर वॉक टेस्ट क्षेत्र में मोबाइल सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया गया। परीक्षण के दौरान एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया (वीआई) के नेटवर्क का मूल्यांकन किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, सिटी और आसपास के क्षेत्रों में कवरेज गैप के मामले में जियो में 57,826 सैंपलों में से 3,467 सैंपल कमजोर सिग्नल वाले पाए गए। एयरटेल में 4,033, वीआई में 4,191 और बीएसएनएल में 16,393 सैंपल कमजोर सिग्नल वाले दर्ज किए गए। इससे स्पष्ट है कि बीएसएनएल का कवरेज अन्य कंपनियों की तुलना में काफी कमजोर रहा।

कॉल ड्रॉप के मामले में भी बीएसएनएल सबसे पीछे रहा। बीएसएनएल में 493 सफल कॉल में से 38 कॉल ड्रॉप हुईं। एयरटेल में 515 में से पांच, जियो में 524 में से छह और वीआई में 521 में से तीन कॉल ड्रॉप दर्ज की गईं।

डेटा डाउनलोड स्पीड में जियो ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। सिटी और आसपास के क्षेत्रों में जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 176.95 एमबीपीएस रही। एयरटेल की डाउनलोड स्पीड 113.79 एमबीपीएस, वीआई की 46.86 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 5.66 एमबीपीएस दर्ज की गई।

अपलोड स्पीड के मामले में भी जियो 19.81 एमबीपीएस के साथ पहले स्थान पर रहा। एयरटेल की औसत अपलोड स्पीड 19.33 एमबीपीएस, वीआई की 12.92 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 2.14 एमबीपीएस रही।

पुणे-सतारा हाइवे रूट पर भी जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। यहां जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 261.99 एमबीपीएस दर्ज की गई, जबकि एयरटेल की 113.12 एमबीपीएस, वीआई की 25.88 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 8.73 एमबीपीएस रही।

---------------

   

सम्बंधित खबर