एटीएम कैश वैन से लूट में वांछित एक-एक लाख दो इनामी मुठभेड़ में ढेर
- DSS Admin
- May 12, 2026
गाजियाबाद, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद की थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में बीते 6 मई को एटीएम मशीन में पैसा डालने वाली कैश वैन से 27 लाख रुपये लूट के मामले में फरार एक-एक लाख रुपये के इनामी दो बदमाशों की मंगलवार की देर रात को गाजियाबाद पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से दोनों बदमाश घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस आयुक्त राजकरण नैयर ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस को सूचना मिली कि एटीएम कैश वैन लूट के मामले में वांछित बदमाश वेब सिटी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर स्वाट टीम प्रभारी, वेव सिटी थाना पुलिस और अन्य टीमों ने बदमाशों की तलाश में बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद दो बदमाश कार सवार होकर आते हुए दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। बदमाश रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाकर भागने लगे।
उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। पुलिस की गोली बदमाश जुबेर और समीर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने लूटी हुई नगदी, अवैध हथियार आदि बरामद किया है। इनके दो साथियों को सोमवार को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मुठभेड़ में दो पुलिस कर्मी भी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया ।
---------------

