ऑपरेशन त्रिनेत्र से वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार

कानपुर, 27 जून (हि.स.)। कमिश्नरेट पुलिस के ऑपरेशन 'त्रिनेत्र' की मदद से गोविंद नगर पुलिस ने वाहन चोरी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी की तीन दोपहिया गाड़ियां बरामद हुई हैं।

डीसीपी साउथ ने शनिवार को बताया कि गोविंद नगर पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और ऑपरेशन त्रिनेत्र की मदद से वाहन चोरों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने एल ब्लॉक यशोदा पार्क के पास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की पहचान धीरज उर्फ गुड्डू निवासी जूही, और सुभाष शुक्ला निवासी अंबेडकर नगर, गोविंद नगर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने वाहन चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

डीसीपी ने बताया कि दोनों के खिलाफ गोविंद नगर, किदवई नगर और पनकी थानों में करीब पांच-पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य वाहन चोरी की घटनाओं और उनके साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।------------------

   

सम्बंधित खबर