रायपुर: दोपहिया वाहन चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चार चोरी की माेटरसाइकिल बरामद

रायपुर, 04 जुलाई (हि. स.)। गुढियारी थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए शातिर वाहन चोर उज्ज्वल पटेल उर्फ टार्ज़न को गिरफ्तार किया है।

आरोपित के कब्जे से चोरी की 4 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अनुप दुबे ने थाना गुढियारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, 9 मई 2026 को उन्होंने अपनी होंडा शाइन (क्रमांक CG 04 PZ 4259) को एमपी कॉम्प्लेक्स, गुढियारी के पास खड़ी कर काम से गए थे। कुछ देर बाद लौटने पर वाहन गायब मिला। अज्ञात चोर द्वारा मोटरसाइकिल चोरी किए जाने पर थाना गुढियारी में अपराध क्रमांक 227/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गुढियारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा मुखबिरों को सक्रिय किया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम उज्ज्वल पटेल उर्फ टार्ज़न बताया और उसके पास मौजूद बाइक के चोरी की होने की बात स्वीकार की।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपित ने गुढियारी क्षेत्र से अन्य तीन दोपहिया वाहन चोरी करना भी कबूल कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 4 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर लीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1,60,000 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर