अनुसंधान संस्थानों व शैक्षणिक संगठनों के बीच सहयोग को बढ़ाने की आवश्यकता:राजशेखर रेड्डी
- Admin Admin
- Feb 15, 2025

—तेलंगाना के विधायकों ने किया आइसार्क का दौरा, शिक्षा में तकनीकी प्रगति पर जोर
वाराणसी,15 फरवरी (हि.स.)। तेलंगाना के विधायकों के दल ने शनिवार को चांदपुर स्थित अंतर्राष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान-दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आइसार्क) का दौरा किया। इस दौरान विधायकों ने आइसार्क में धान अनुसंधान, अनाज गुणवत्ता विश्लेषण और सतत कृषि प्रथाओं में उपयोग हो रही अत्याधुनिक तकनीकों की जानकारी ली।
तेलंगाना के मलकाजगिरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक मारी राजशेखर रेड्डी ने कृषि विशेषज्ञों से बातचीत के दौरान अनुसंधान संस्थानों व शैक्षणिक संगठनों के बीच सहयोग को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की साझेदारियां अकादमिक जगत और वास्तविक कृषि चुनौतियों के बीच की खाई को पाटने में मदद कर सकती हैं। उन्होंने कृषि क्षेत्र में क्षमता निर्माण और ज्ञान प्रसार में आइसार्क की भूमिका की सराहना की। इसी तरह मेडचल विधानसभा क्षेत्र से विधायक मल्ला रेड्डी ने शैक्षिक प्रणाली को उन्नत करने के लिए तकनीकी प्रगति को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आधुनिक कृषि अनुसंधान को अकादमिक पाठ्यक्रम में शामिल करने की जरूरत बताई। इसके पहले परिसर में संस्थान के अफसरों ने दल का स्वागत किया। कृषि अनुसंधान में आइसार्क के योगदान और नवाचार को भी बताया। आइसार्क के वैज्ञानिकों ने कृषि क्षेत्र की बदलती जरूरतों के अनुरूप नवीन प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित करने में सहयोग देने की बात कही। अफसरों के अनुसार विधायकों के दौरे का उद्देश्य संस्थान की अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं और उन्नत बुनियादी ढांचे को समझना था, साथ ही कृषि अनुसंधान में आइसार्क के योगदान और नवाचार को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका को जानना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी