जींद: दोपहर को हुई बारिश ने किसानों को किया खुश, गर्मी तथा उमस से मिली राहत

जींद, 2 अगस्त (हि.स.)। जिले में वीरवार को हुई बारिश का दौर शुक्रवार दोपहर को भी जारी रहा। हालांकि बारिश कुछ समय के लिए हुई लेकिन उमस से लोगों को निजात मिली और हवा की ठंडी बयार बहने लगी। बारिश्या ने किसानों की काफी हद तक पानी की पूर्ति को पूरा कर दिया है। जिसने फसलों को संजीवनी देने का कार्य किया है। साथ ही लोगो को गर्मी तथा उमस से निजात दिलाने का काम भी किया है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 79 प्रतिशत तथा हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार चार अगस्त तक आकाश मे बादल छाए रहने तथा बारिश की संभावना है।

मानसून सीजन में बारिश कम होने के कारण किसान परेशान थे तो गर्मी तथा उमस के कारण लोगो भी बेहाल थे। शुक्रवार को दोपहर अचानक से मौसम ने करवट ली और हलकी बंूदाबांदी के साथ बारिश शुरू हो गई। तापमान भी लुढ़क कर 32 डिग्री पर आ गया। बारिश से किसानों की बांछे खिल उठी हैं। काफी हद तक खेतों में पानी की पूर्ति भी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार चार अगस्त तक बारिश की संभावना है। बारिश पूरे जिले में एक साथ न हो कर बिखराव मे होने की संभावना है।

तापमान में भी इजाफा होगा। आकाश में बादलवाई बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच बनी रहने की संभावना है। हवा की गति आठ से दस किलो मीटर प्रति घटा बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। राहत की बात यह है कि बारिश बिखराव में न होकर एक साथ हुई है। बारिश ने कुछ हद तक पानी की पूर्ति पूरी कर दी है। उमस तथा गर्मी से भी राहत देने का कार्य किया है। आगे भी बारिश की संभावना है। किसान रोहताश, सुरेंद्र ने कहा कि बारिश न होने के चलते हुए उन्हें महंगा डीजल फूंकना पड़ रहा था। इसके अलावा धान फसल में बीमारी लगने का भी खतरा बन गया था। अब दो दिन से हो रही बारिश ने फसलों की बीमारी को धोने के साथ-साथ पानी की पूर्ति को भी पूरा किया है। अगर और बारिश होती है तो यह सोने पर सुहागा होगा।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा / SANJEEV SHARMA

   

सम्बंधित खबर