जिलाधिकारी ने शहरी क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा बैठक की
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
सहरसा, 02 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था की वर्तमान स्थिति एवं वर्षा ऋतु के दौरान संभावित जलजमाव की समस्या के प्रभावी समाधान के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान नगर निकायों एवं संबंधित विभागों द्वारा संचालित जल निकासी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने नालों की नियमित सफाई, अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को शीघ्र चालू कराने तथा संवेदनशील एवं जलजमाव-प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जलजमाव संबंधी शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।
साथ ही वर्षा ऋतु के दौरान सतत निगरानी रखते हुए जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

