राज्यपाल से पद्मश्री साह ने की भेंट, पर्यावरण संरक्षण पर हुई बातचीत

नैनीताल, 14 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से शनिवार को नैनीताल राजभवन में प्रसिद्ध छायाकार एवं प्रकृति प्रेमी पद्मश्री अनूप साह ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हिमालय की संवेदनशीलता, बच्चों में प्रकृति के प्रति रुचि जगाने और हिमालयी क्षेत्र की विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

राज्यपाल ने अनूप साह की फोटोग्राफी के माध्यम से हिमालय और पर्यावरण की सुंदरता उजागर कर जन जागरूकता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे लोगों से प्रेरणा लेकर बच्चों को आरंभ से ही प्रकृति, वन्य जीवन और जैव विविधता के प्रति संवेदनशील बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की हिमालयी संपदा, वन्य जैव विविधता व प्राकृतिक सौंदर्य हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें अगली पीढ़ी तक सुरक्षित पहुंचाना आवश्यक है।

चर्चा में इस बात पर भी सहमति बनी कि विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर से ही हिमालयी क्षेत्रों की भौगोलिक व जैविक विशिष्टताओं, पर्यावरणीय चुनौतियों और संरक्षण की व्यवहारिक जानकारी दी जानी चाहिए। अनूप साह ने राज्यपाल को अपने पर्यावरण संरक्षण अभियानों और हिमालयी जीवनशैली से जुड़े फोटोग्राफिक दस्तावेजों की जानकारी भी दी। राज्यपाल ने उनके कार्यों को प्रेरणादायी बताते हुए भविष्य में राज्यहित में पर्यावरण के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने की संभावना जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

   

सम्बंधित खबर