जींद : स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: देवेंद्र अत्री
- Vijesh Sharma
- Jul 01, 2026

जींद, 01 जुलाई । उचाना के विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के समग्र एवं संतुलित विकास के संकल्प को तेजी से साकार कर रही है। सरकार का उद्देश्य गांव से लेकर शहर तक प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उचाना के विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री बुधवार को स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित जिला स्तरीय अमृत सरोवर प्लस उद्घाटन समारोह में मुख्यअतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही। इससे पहले नारायणगढ़ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्चुअल माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र की सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं के साथ-साथ प्रदेशभर में लगभग 222 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से तैयार 325 अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में जिला मुख्यालय पर विधायक ने जिले में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 42 अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया। विधायक ने बताया कि जिले में 42 अमृत सरोवरों में जुलाना विधानसभा क्षेत्र के 14, जींद विधानसभा क्षेत्र के तीन, नरवाना विधानसभा क्षेत्र के आठ, उचाना विधानसभा क्षेत्र के 12 तथा सफीदों विधानसभा क्षेत्र के पांच अमृत सरोवर शामिल हैं। इन परियोजनाओं से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नही रख रही बल्कि जनकल्याण को केंद्र में रख कर योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, आधुनिक आधारभूत ढांचे के निर्माण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस अवसर पर हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग, भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेन्द्र ढूल, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, डा. राज सैनी, मोहित शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार, कार्यकारी अभियंता पंचायती राज विभाग तथा अन्य गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------

