अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान जारी, दो दर्जन से अधिक कब्जेदारों पर की गई कार्रवाई

कानपुर, 06 फरवरी (हि.स.)। महापौर प्रमिला पांडेय ने गुरुवार को फजलगंज स्थित नवजीवन पार्क से चार खंभा कुआं तक अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क के दोनों तरफ नालों के ऊपर बने दो मंजिला मकान समेत चौबीस अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही उन्होंने कब्जेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में दोबारा उनके द्वारा कब्जा किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान जारी है। इसी क्रम में महापौर प्रमिला पांडेय नगर निगम टीम और स्थानीय पुलिस बल के साथ फजलगंज पहुंची। यहां पर उन्होंने नवजीवन पार्क से चार खंभा कुआं तक नालों के दोनों तरफ हुए कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से ज्यादा अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए सारा सामान जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान नाले के ऊपर अवैध रूप से दो मंजिला मकान भी बना हुआ था। उस पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान महापौर ने सख्त रवैया अपनाते हुए कहा कि शहर में किसी भी तरह से अवैध अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही अवैध अतिक्रमण के चलते लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। कई बार ऐसा भी देखा गया है कि नगर निगम के वापस जाते ही लोग फिर से कब्जा करने लगते हैं। यदि दोबारा किसी ने भी ऐसा करने की कोशिश करी तो उस पर जुर्माने के साथ-साथ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

   

सम्बंधित खबर