सोनीपत:गोलीकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन दिन के रिमांड पर
- Admin Admin
- May 13, 2025

सोनीपत, 13 मई (हि.स.)। सोनीपत के गोहाना शहर में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
के मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान
गांव ईशापुर खेड़ी निवासी विशाल के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश कर तीन दिन
के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
यह वारदात 12 मई 2025 को गोहाना जींद रोड स्थित गर्ल्स सीनियर
सेकेंडरी स्कूल के पास हुई थी। सूचना मिलते ही थाना शहर गोहाना की पुलिस मौके पर पहुंची,
जहां एक घायल व्यक्ति सड़क पर गिरा हुआ मिला।
उसे इलाज के लिए सामान्य अस्पताल, गोहाना
ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान अजय निवासी गांव
ईशापुर खेड़ी के रूप में हुई।
मृतक के भाई अशोक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अजय
कई वर्षों से गोहाना में रह रहा था और उसका गांव के कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा
था।
नौ साल पहले एक युवक की मृत्यु के बाद से दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी।
घटना के दिन अजय अपनी पत्नी और बेटी के साथ इंदु अस्पताल गया था, जहां स्कूल के पास
आरोपी विशाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर गोलियां चला दीं।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद उप निरीक्षक जगदीश कुमार
के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर मंगलवार को उसे गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों
की भी पहचान कर तलाश जारी है। मामले की गहन जांच चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना