किसानों के उत्थान के लिए कार्य करें कृषि वैज्ञानिक : कुलपति इंद्रमणि मिश्रा
- Admin Admin
- Mar 05, 2025

कानपुर, 05 मार्च (हि. स.)। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय कानपुर के अधीन संचालित कृषि अभियंत्रण संकाय के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग एवं प्रोसेसिंग एंड फूड इंजीनियरिंग विभाग द्वारा दो प्रमुख विषयों जिसमें तकनीकी और गैर तकनीकी भर्ती में रोजगार के अवसर एवं स्वस्थ भारत के लिए टिकाऊ और सुरक्षित खाद्य प्रसंस्करण तकनीक में प्रगति विषयों पर एक दिवसीय वेबीनार का सफल आयोजन किया गया। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आनंद कुमार सिंह ने दी।
वेबीनार में परवनी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर इंद्रमणि मिश्रा ने अवगत कराया कि मूल्य संवर्धन एवं प्रसंस्करण तकनीक अभी भी किसानों की पहुंच से दूर है। जबकि कृषि के क्षेत्र में यंत्रीकरण को किसान ग्रहण कर रहे हैं। इन्होंने देश के किसानों को भगवान का रूप मानते हुए कृषि वैज्ञानिकों को किसानों के उत्थान के लिए कार्य करने को प्रेरित किया।
डॉ.एन के शर्मा ने अवगत कराया कि कुल उत्पादन का लगभग 40 प्रतिशत उत्पाद बर्बाद हो रहा है अतः संस्करण के क्षेत्र में कार्य करने वाले वैज्ञानिकों को दोहरी हानियों को रोकने के प्रयास किए जाने चाहिए जो कि बहुत आवश्यक है। इस वेबीनार के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य कैंपस में अध्यनरत छात्राओं के साथ-साथ संकाय सदस्यों को अनुभवी विशेषज्ञों के माध्यम से कृषि तकनीक के क्षेत्र में हो रहे नवाचार से अवगत कराना है।
डॉ.शर्मा ने कहा कि सभी को शिक्षा के क्षेत्र निरंतर इस प्रकार के आयोजन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। डॉ. पी डी शर्मा, प्रोफेसर पूसा नई दिल्ली, डॉ अंजलि सुधाकर सहायक प्राध्यापक साबौर, डॉ आनंद किशोर, सहायक प्राध्यापक सोनीपत, इंजीनियर जोगेंद्र सोरन, विषय विशेषज्ञ मधुबनी डॉक्टर सीतेश कुमार, सहायक प्राध्यापक कृषि विद्यालय रांची, डॉक्टर खुशबू कुमारी, वैज्ञानिक एनडीआरआई करनाल द्वारा अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए गए।
डॉक्टर शर्मा ने इन वेबीनार के आयोजन के लिए डॉक्टर खुशबू गुप्ता, प्रोफेसर अजीत सिंह, इंजीनियर कसफ खान, डॉक्टर के के पटेल, डॉक्टर टी के महेश्वरी सहित सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद