भाजपा कार्यालय कठुआ में धूमधाम से मनाया गया पार्टी का 45वां स्थापना दिवस

कठुआ 06 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा कार्यालय कठुआ पर पार्टी का 45वां स्थापना दिवस रविवार को धूमधाम से मनाया गया। जिलाध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ, जसरोटा विधायक राजीव जसरोटिया मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी का झंडा फहराकर किया गया। बाद में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया। इस दौरान पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जनसंघ के संस्थापकों में शामिल डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, डाॅ श्यामा प्रसाद मुखर्जी सहित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया।

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। इसकी जड़ें भारतीय जनसंघ में हैं, जिसकी स्थापना 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। भाजपा की राजनीति का आधार राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक गौरव, विकास और सामाजिक समरसता है। पार्टी एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ कार्य करती है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और अब सबका प्रयास का नारा केवल एक वाक्य नहीं, बल्कि भाजपा की नीति का आधार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने संघर्ष, सेवा, राष्ट्र हित में जीने के 45 वर्ष आज पूरे किए हैं। भारतीय जनता पार्टी की तीन पीढियों के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र प्रथम की सोच को सामने रखकर सेवा ही संगठन को संकल्प बनाते हुए विकसित भारत के सपने को पूरा किया है और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बढ़ता हुआ भारत, शक्तिशाली भारत बनाने के लिए अब लगातार काम कर रहा हैं। उन्होंने कहा कि हम सब लोग पार्टी को और मजबूत करने, आर्थिक रूप से विश्व में तीसरी शक्ति बनने का संकल्प लिया है। चुघ ने कहा कि जम्मू कश्मीर की धरती जहां पर स्वर्गीय पंडित प्रेमनाथ डोगरा, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल जी के नेतृत्व में बहुत बड़ा संघर्ष हुआ और उस संघर्ष में जो भी तय हुआ था, हम सब कार्यकर्ता निरंतर उसी राह पर चलकर भाजपा को आगे लेकर जा रहे हैं। जिसमें धारा 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा समाप्त कर एक राष्ट्र, एक विधान की संकल्पना को साकार किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रतिबद्धता का प्रतीक है। भाजपा ने राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का माध्यम माना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

   

सम्बंधित खबर