78वां स्वतंत्रता दिवस : सुशासन के सप्तर्षि संकल्पों के साथ अग्रणी रहने का आह्वान

-प्रचंड राष्ट्रभक्ति के माहौल में मुख्यमंत्री ने फहराया तिरंगा

गांधीनगर, 15 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरदार साहब की जन्मभूमि खेड़ा जिला मुख्यालय नडियाद में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया। उन्होंने सुगमता, सरलता, संपर्क, समर्पण, सहभागिता, सशक्तिकरण और सुरक्षा के रूप में सुशासन के सात सप्तर्षि संकल्पों की अवधारणा स्पष्ट की। मुख्यमंत्री पटेल ने राज्यवासियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने के लिए सुशासन के सात सप्तर्षि संकल्पों के माध्यम से गुजरात को अग्रणी रखने का आह्वान किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि जिस तरह से स्वतंत्रता आंदोलन में गुजरात राज्य महात्मा गांधी और सरदार साहब के नेतृत्व में पथ-प्रदर्शक बना था, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में गुजरात इस सुशासन सप्तर्षि के जरिए पथ-प्रदर्शक बनेगा। मुख्यमंत्री ने इस राष्ट्रीय पर्व पर जनता को दिए प्रेरक संदेश में सुशासन से संबंधित दो महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने राज्य में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सड़कों के विस्तारीकरण और मजबूतीकरण के लिए 5017 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा की। इतना ही नहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत राज्य के अधिकाधिक लोगों को कवर करने के उद्देश्य से जरूरतमंद राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) से जुड़े परिवारों की मासिक आय की सीमा को 15 से बढ़ाकर 20 हजार रुपए करने की भी घोषणा की।

पूरे देश में एक ही न्याय संहिता लागू

तीन नए आपराधिक कानून- भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) क्रियान्वित होने से अब पूरे देश में एक ही न्याय संहिता लागू हो गई है। इन नए कानूनों से न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी तथा लोगों की सुरक्षा के लिए उपयुक्त कदम उठाए जा सकेंगे।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री को मुख्य सचिव राज कुमार और पुलिस महानिदेशक विकास सहाय का अभिवादन किया। वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने आकाश से तिरंगे पर पुष्पवर्षा की गई। मुख्यमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत खेड़ा जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने चार हजार पौधे रोप कर तैयार किए गए ‘कर्मयोगी वन’ का लोकार्पण किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांसद देवुसिंह चौहान, विधायक पंकजभाई देसाई, राजेश झाला, अर्जुनसिंह चौहान, योगेन्द्रसिंह परमार, कल्पेशभाई परमार, संजयसिंह महिड़ा, नडियाद नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती किन्नरीबेन शाह, तहसील पंचायत अध्यक्ष मेधाबेन पटेल, अपर मुख्य सचिव सुनैना तोमर, प्रभारी सचिव आर.सी. मीना, वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर अमित प्रकाश यादव, जिला विकास अधिकारी एस.डी. वसावा एवं कई पदाधिकारियों और अग्रणियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद पाण्डेय / सुनील सक्सेना

   

सम्बंधित खबर