उत्तरी हवाओं से गिरेगा प्रदेश का पारा, सात मार्च से फिर बढ़ेगा पारा
- Admin Admin
- Mar 03, 2025

जयपुर, 3 मार्च (हि.स.)। बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब उत्तरी हवाओं से प्रदेश के पारे में गिरावट आएगी। 7 मार्च के बाद फिर से पारे में बढ़ोतरी होगी। प्रदेश के कई शहरों की रविवार रात के पारे में एक से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रदेश के 26 शहरों का दिन का पारा 30 पार दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, पिलानी, सीकर, कोटा, चित्तौड़गढ़, डबोक, बाड़मेर,जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी, बीकानेर, चूरू, धौलपुर, नागौर, बारां, डूंगरपुर, जालौर, फतेहपुर, करौली, दौसा, लूणकरणसर, प्रतापगढ़ और पाली का रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। तीन शहरों का रात का पारा भी 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया। 34.6 डिग्री के साथ चित्तौड़गढ़ का दिन और 21.2 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। डूंगरपुर और बाड़मेर की रात का पारा 20 डिग्री के पार रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 4 मार्च से उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने की प्रबल संभावना है। 4-5 मार्च को बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं पुनः तापमान 8-10 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने की संभावना है। 7 मार्च से आगामी सप्ताह न्यूनतम व अधिकतम तापमान में पुनः होगी बढ़ोतरी। सामान्य से 1-2 डिग्री ऊपर दर्ज होने की संभावना। राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 मार्च को न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने की प्रबल संभावना है।
जयपुर का रात का पारा गिरा, दिन का बढ़ा
जयपुर के रात के पारे में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे जयपुर में सुबह सर्दी का अहसास हुआ। वहीं दिन के पारे में 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दिनों में रात के पारे में और गिरावट आने की संभावना है। सोमवार को जयपुर के हल्के बादल छाए रहे और मध्यम गति की हवाएं चली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश