छोटीकाशी के शिवालयों में हुई भोलेनाथ की विशेष आराधना

जयपुर, 5 अगस्त (हि.स.)। सावन के तीसरे सोमवार को दिन भर रुक रुक कर बारिश होती रही। भोले के भक्त अल सुबह तीर्थं नगरी गलता से कावड़ यात्रा लेकर रवाना हुए। कावड़ यात्रा के साथ शहर भर के विभिन्न् शिवालयों में भोलेनाथ का विशेष अभिषेक किया गया। जिसके चलते शिवालयों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। मंदिर प्रशासन ने पुलिस कर्मियों की सहायता से भक्तों को कतार में भोले के दर्शन करवाए।8

क्वींस रोड स्थित झारखंड महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को भक्तों का तांता लगा रहा। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मंदिर प्रशासन की मदद से महिलाओं व पुरुषों की अलग-अलग कतारें लगवाई। भक्तों ने बाबा का दूध, दही, बूरा, शहद, घी, गंगाजल, पानी बिल्व पत्र और गन्ने के रस से अभिषेक किया।

चौड़ा रास्ता के ताड़केश्वर महादेव मंदिर में अल सुबह से ही भक्तों की भीड़ जमा हो गई। मंदिर प्रशासन ने रस्सी की सहायता से दो पंक्तियों बनाई, जिसमें लग कर श्रद्धालुओं ने श्रद्धालुओं ने भोले बाबा का अभिषेक किया। देर शाम मंदिर परिसर में भोले नाथ का अलौकिक श्रृंगार कर झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने बाबा की महाआरती की।

आमेर रोड स्थित गोविंद देवजी मंदिर के काला महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों ने भोले नाथ की आराधना की। ब्रह्म मुहूर्ते में काला महोदव मंदिर में भक्तों का तांता लग गया। जिसके चलते मंदिर प्रशासन ने भक्तों को दो अलग अलग पंक्तियों में भोले नाथ की पूजा संपन्न करवाई। झोटवाड़ा रोड के चमत्कारेश्वर, बनीपार्क के जंगलेश्वर, रामगंज के ओंडा महादेव, आमेर के भूतेश्वर, कूकस के सदाशिव ज्योर्तिलिंगेश्वर सहित अनेक शिव मंदिरों में भी भक्तों ने गलता तीर्थं के पवित्र जल से बाबा का जल अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। उत्तर भारत की प्रमुख श्री वैष्णव पीठ गलताजी में भी श्रावण माह की शिवरात्रि को हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ें। गलता परिसर के विभिन्न प्राचीन शिवालयों में भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। यहां दिन भर यज्ञ, अनुष्ठान, सहस्त्रघट अभिषेक सहित अन्य धार्मिक आयोजन हुए। गलता से निकलने वाली कावड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन काफी चौकन्ना रहा। हल्की दृहल्की फुहोरो के बीच पुलिसकर्मी रेन कोट और छातों के बीच कावड़ यात्रा के साथ चलते नजर आए। कावड़ियों को बरसात और यातायात में जाम का सामना नहीं करना पड़े,इसके लिए पुलिकर्मियों ने शहर की चार दीवारी में मोर्चा संभाला।

एमआई रोड स्थित अमरापुर दरबार के 108 भक्तजन तीर्थं नगरी गलता से अल सुबह कावड़ लेकर रवाना हुए। इस विशाल कावड़ यात्रा में भक्तगण डीजे की धून पर बोल कावड़िया कहां चले जैसे भजनों पर नाचते गाते हुए अमरापुर दरबार के लिए रवाना हुए। विशाल कावड़ यात्रा रवाना होने से पहले भक्तों ने अल सुबह 4 बजे गलता तीर्थं में भगवान भोलेनाथ और पार्वती की पूजा अर्चना कर आरती की। जिसके पश्चात कावड़ यात्रा रवाना हुई। जिसके पश्चात सुबह 7 बजे नाचते दृगाते हुए कावड़ यात्रा अमरापुर दरबार पहुंची, जहां पर कावड़ियों ने अमरापुर दरबार में स्थित अमरापुरेश्वर महादेव मंदिर में भोले बाबा का जल अभिषेक किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर