बीकानेर, 28 मई (हि.स.)। जिले में नेशनल हाईवे-62 पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। नोखा थाना क्षेत्र के चरकड़ा बाइपास के पास तेज रफ्तार ट्रक और टेम्पो ट्रैवलर की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टेम्पो ट्रैवलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
घटना बुधवार देर रात की है।
टेम्पो ट्रैवलर में सवार सभी लोग नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन कर बीकानेर लौट रहे थे। परिवार धार्मिक यात्रा पूरी कर घर लौटने की खुशियों में था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने मातम में बदल दिया।
नोखा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज के अनुसार टेम्पो ट्रैवलर नाथद्वारा से बीकानेर की ओर आ रहा था। इसी दौरान बीकानेर से नागौर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक से चरकड़ा बाइपास के पास उसकी सीधी टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक काफी दूर जाकर सड़क किनारे एक घर के बाहर रुका। हादसे के समय वहां एक व्यक्ति खाट पर सो रहा था, जो बाल-बाल बच गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। टेम्पो ट्रैवलर बुरी तरह पिचक चुका था, जिसके कारण कई यात्री अंदर फंस गए थे।
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और तत्काल नोखा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने टेम्पो ट्रैवलर चालक मोहम्मद आरिफ (45) निवासी सरदारशहर, जयश्री (30) पत्नी आशीष निवासी बीकानेर और विष्णु (26) निवासी सरदारशहर को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले विष्णु और जयश्री रिश्ते में जीजा-साली थे।
बताया जा रहा है कि तीन बहनें भारती, सोनू और जयश्री अपने परिवार के साथ 23 मई को धार्मिक यात्रा पर निकली थीं। सभी ने माउंट आबू, हल्दीघाटी, सांवरिया सेठ और श्रीनाथजी के दर्शन किए थे और बीकानेर लौट रहे थे।
परिवार के लोग दर्शन कर घर वापसी की खुशी में थे, लेकिन रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में आशीष पुत्र मोहनलाल राकांवत, सोनू पत्नी बंशीलाल, भारती, कनुश्री, हिमांशी, मितांशु, रितिका, जीविका, मयंक, संतोष, मीनाक्षी और निधि घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों में आशीष, उसकी पत्नी जयश्री की मौत से सदमे में है। वहीं विष्णु की पत्नी भारती भी गंभीर रूप से घायल है। कनुश्री और कृतिका समेत कई बच्चे भी हादसे में घायल हुए हैं। गंभीर घायल मयंक को बाद में कोठारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बाकी घायलों में से कई को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
जयश्री के पति आशीष बीकानेर के धरणीधर क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर के रूप में कार्यरत हैं। वहीं मृतक विष्णु सरदारशहर में मेडिकल स्टोर चलाता था। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------

