भू माफियाओं पर पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 03 जुलाई (हि.स.)। माटीगाड़ा इलाके में लंबे समय से चल रहे अवैध जमीन कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित भू माफियाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रिंकू सिंह, राजेश उरांव और पंकज तामांग के रूप में हुई है। यह कार्रवाई सांसद राजू बिष्ट के निर्देश के बाद तेज किए गए अभियान के तहत की गई है।

जानकारी के अनुसार, माटीगाड़ा क्षेत्र में काफी समय से जमीन पर अवैध कब्जा कर उसे गैरकानूनी तरीके से बेचने की शिकायतें सामने आ रही थी। स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों की ओर से बार-बार इस मुद्दे को उठाया गया था। आरोप था कि इलाके में सक्रिय भूमि माफिया गिरोह आम लोगों को ठगने के साथ-साथ जमीन से जुड़े विवादों को भी बढ़ावा दे रहे थे। भाजपा ने आरोप लगाया था कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान भूमि माफियाओं का प्रभाव काफी बढ़ गया था, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बन गया था। स्थिति ऐसी हो गई थी कि माटीगाड़ा ब्लॉक में लोग जमीन खरीदने से भी कतराने लगे थे। भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद दार्जिलिंग लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजू बिष्ट ने पुलिस और प्रशासन को भूमि माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से ही इलाके में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार देर रात को माटीगाड़ा और देवीडांगा इलाके में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

माटीगाड़ा थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की शुरू कर दी गई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले इसी मामले में एक अन्य भूमि माफिया की पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को शक है कि मौजूदा मामला उसी बड़े भूमि घोटाले से जुड़ा हो सकता है।

   

सम्बंधित खबर