वटवा इलेक्ट्रिक लोको शेड ने थ्री फेस इलेक्ट्रिक लोको को विनाइल रेपिंग से किया सुसज्जित

अहमदाबाद, 10 मार्च (हि.स.)। भारतीय रेलवे में इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन के 100 गौरवपूर्ण वर्षों के उपलक्ष में पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के इलेक्ट्रिक लोको शेड, वटवा ने थ्री फेस इलेक्ट्रिक लोको संख्या 41708 डब्ल्यूएजी9एचसी पर विनाइल पेस्टिंग से सुसज्जित किया। इस विशेष आयोजन के तहत मंडल रेल प्रबंधक सुधीर कुमार शर्मा ने इलेक्ट्रिक लोको सं. 41708 को भारतीय रेल सेवा के लिए समर्पित किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (इएलएस) वटवा एस.पी. गुप्ता ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद के दिशा-निर्देशों तथा नेतृत्व में इस कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया है। यह न केवल भारतीय रेल के गौरवमयी इतिहास को सम्मानित करता है बल्कि इसके भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए वटवा शेड के समस्त कर्मचारी एवं अधिकारी प्रशंसा के पात्र हैं।

गुप्ता ने आगे कहा कि वर्तमान में वटवा शेड में 50 कन्वेंशनल इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव और 92 थ्री फेस इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव को नियमित रूप से अनुरक्षण का कार्य किया जा रहा है, जो भारतीय रेलवे की प्रौद्योगिकी और संचालन क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करता है। यह आयोजन भारतीय रेलवे के उत्कृष्टता और प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन के क्षेत्र में भविष्य में और अधिक सफलता की ओर अग्रसर करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद पाण्डेय

   

सम्बंधित खबर