वीवीएमसी के तिरंगा रन मैराथन में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

मुंबई, 13 अगस्त, (हि. स.)। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीएमसी) द्वारा तिरंगा रन 3 किलोमीटर की मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन में बच्चों, महिलाओं, युवाओं सहित बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मैराथन की शुरुआत मंगलवार की सुबह विरार पश्चिम स्थित नवनिर्मित वसई विरार महानगरपालिका मुख्यालय से की गई।

देश भर में इस समय हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जगह-जगह विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा राह है। इसी के तहत मंगलवार की सुबह वसई-विरार शहर में वीवीएमसी द्वारा 3 किलोमीटर की तिरंगा रन मैराथन का आयोजन किया गया। यह मैराथन विरार पश्चिम में बने नए वसई विरार महानगरपालिका इमारत से शुरू होकर विरार म्हाडा कॉलोनी, विरार जकात नाका से होते हुए पुनः मनपा मुख्यालय की बनी नई इमारत में आकर संपन्न हुई। महानगरपालिका के अधिकारी, विरार ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और खेल शिक्षकों ने झंडा दिखा कर इस मैराथन प्रियोगिता की शुरुआत की। इस मैराथन में शिक्षक, विद्यार्थी, शहर के नागरिक, मनपा अधिकारी और कर्मचारी सहित शहर के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार / राजबहादुर यादव

   

सम्बंधित खबर