दादी की तिरस्कार से तंग आकर युवक ने कर दी हत्या, गिरफ्तार

दुमका, 27 सितंबर (हि.स.)। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में एक वृद्ध महिला सुमीधन हांसदा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस की अनुसंधान में पता चला है वृद्धा की हत्या उसके सगे पोते ने ही धन के लालच में कर दी। आरोपित पोता होपोनोटा हेम्ब्रम उर्फ जलपा हेम्ब्रम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मंझलाडीह करमटोला का है। जहां सुमीधन हांसदा (63) की बेरहमी से सिर पर वार कर दी गई। मृतका का नाती सबुधन हांसदा जो उसके साथ ही रहता था। उसने पुलिस को बताया कि जब उसने अपनी नानी के चिल्लाने की आवाज सुनी तो दौड़कर अपने कमरे से बाहर निकाला तो देखा कि एक युवक भाग रहा है और उसकी नानी आंगन में गिरी हुई थी। जहां थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई।

इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एसडीपीओ विजय कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कियाा। पुलिस टीम ने जब मामले की जांच की पाया कि मृतका का पोता होपोनोटा हेम्ब्रम उर्फ जलपा हेम्ब्रम जो पोखरिया गांव में रहता था। उसकी भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस के अनुसार जब उससे पूछताछ की तो उसकी बातें और शारीरिक हावभाव संदेहास्पद पाया गया। साथ ही परिस्थिति जन्य साक्ष्य के आधार पर उस पर शक और गहरा गया। तब पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की। उसके बाद उसने अपनी दादी को मारने की बात स्वीकार किया। उसने बताया कि मेरे दादा और दादी घर पर अपने नाती और नतनी को रखते थे। हम अपने माता-पिता के साथ अलग रहते थे। इधर दादा-दादी अपनी जमीन बेचकर मुझे और मेरे पिता मिस्त्री हेंब्रम को पैसा नहीं देते थे और बात-बात में झगड़ा करते। वे लोग हमेशा हम लोगों से बुरा बर्ताव करते थे। इन्हीं वजहों से क्रोध में आकर मैंने अपनी दादी को मार दिया। इस पूरे मामले पर शिकारीपाड़ा के थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने कहा कि आरोपित होपोनटा हेंब्रम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा को भी बरामद कर ली है।

एक माह में तीन घटनाएं, जब अपनों ने ही ली जान

शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में इस माह में यह तीसरा मौका है जब अपनों ने ही अपने लोगों की खून बहाई। तीन सितंबर को सुंदराप्लान गांव में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के माता और पिता की हत्या कर दी थी। दूसरी घटना 19 सितंबर की है। जब एक युवक ने अपनी पत्नी और नानी सास की हत्या कर दी थी। अब यह तीसरा मौका है, जब पोते ने दादी की जान ले ली। यहां खास बात यह भी है कि तीनों मामलों में आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

   

सम्बंधित खबर