ईयर एंड में दिखा पर्यटकों का बूम, चित्तौड़ दुर्ग पर लगा जाम, रेंगते दिखे वाहन

चित्तौड़गढ़, 27 दिसंबर (हि.स.)। वर्ष का यह आखिरी सप्ताह चल रहा है। वहीं ईयर एंड से पहले विश्व विख्यात चित्तौड़ दुर्ग पर पर्यटकों का बूम आया हुआ है। हजारों की संख्या में पर्यटक चित्तौड़ दुर्ग पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में चित्तौड़ दुर्ग पर चहल पहल देखने को मिल रही है। स्थानीय पर्यटकों के अलावा देश के कई राज्यों से पर्यटक चित्तौड़ दुर्ग पर आ रहे हैं। विदेशी एवं एनआरआई पर्यटक भी दुर्ग भ्रमण करते दिखें। यही कारण है कि दुर्ग पर जाम की स्थिति बनी हुई है। सर्द मौसम में हुई बरसात के बाद मौसम सुहाना हो गया है। घने कोहरे और बादलों में सूर्य की लुका छिपी के बीच चित्तौड़ दुर्ग पर पर्यटक अपनी स्मृतियों को मोबाइल एवं कमरे में कैद करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 का यह अंतिम सप्ताह चल रहा है। अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के बाद अवकाश घोषित हुए हैं। ऐसे में चित्तौड़ दुर्ग पर अवकाश के दौर में भारी भीड़ दिख रही है। देश के कोने-कोने से पर्यटक चित्तौड़ दुर्ग के लिए आ रहे हैं। दुर्ग के ऐतिहासिक भवनों को निहार कर अभिभूत हो रहे हैं। स्थानीय गाइड की सहायता से चित्तौड़ दुर्ग के इतिहास की जानकारी भी ले रहे हैं। पुरातत्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को चित्तौड़ दुर्ग पर करीब पांच हजार पर्यटक टिकट लेकर ऐतिहासिक भावनाओं को निहारने के लिए पहुंचे थे इसके अलावा कोई स्थानीय पर्यटक भी थे जो बिना टिकट दूर भ्रमण करते हैं इनकी संख्या अधिक होती है वहीं शुक्रवार अपराह्न तक करीब साढ़े चार हजार से ज्यादा लोग दुर्ग स्थित काउंटर से टिकट लेकर भ्रमण कर चुके थे। ऐसे में गुरुवार के मुकाबला शुक्रवार को चहल-पहल अधिक है। आगामी दो दिनों में जो अवकाश के दिन रहने वाले हैं उसमें भी भारी संख्या में पर्यटक दुर्ग पर आएंगे। चित्तौड़ दुर्ग भ्रमण के लिए सिंगापुर से आए एनआरआई अमित सिंह ने बताया कि वह यहां के इतिहास की जानकारी लेकर काफी अभिव्याभूत हैं जैसा सुना उससे भी कहीं ज्यादा इतिहास अच्छा यहां महसूस हो रहा है।

55 पर्यटकों के साथ पहुंची शाही ट्रेन

इधर, शाही ट्रेन यानी पैलेस ऑन व्हील्स का फेरा भी शुक्रवार को ही रहा। यह ट्रेन 55 पर्यटकों के साथ चित्तौड़गढ़ आई। इसमें 27 भारतीय तो 28 विदेशी पर्यटक शामिल थे। रेलवे स्टेशन पर पर्यटकों का स्वागत किया गया। यहां अश्व के सामने पर्यटकों ने फोटो खिंचवाए। बाद में पर्यटकों को अलग-अलग बसों से चित्तौड़ दुर्ग पर ले जाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

   

सम्बंधित खबर