सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर दो मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक और दो-दो स्वास्थ्य निरीक्षक को नोटिस
- Admin Admin
- Mar 27, 2025

जयपुर, 27 मार्च (हि.स.)। नगर निगम हेरिटेज जयपुर की महापौर कुसुम यादव ने गुरुवार को बाजारों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान बाजार में कई जगहों पर अतिक्रमण देख महापौर कुसुम यादव नाराज हुई। महापौर कुसुम यादव ने मौके पर ही व्यापारियों से समझाइश की और सात दिन में खुद ही अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सात दिन बाद निगम प्रशासन सख्ती से अतिक्रमण को हटवाएगा। इस दौरान महापौर कुसुम यादव ने चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल, संजय सर्किल, स्टेशन रोड, इंद्रा बाजार, खजाने वालो का रास्ता, बाबा हरिश्चंद्र मार्ग, सिंधी कैंप आदि स्थानों पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
सड़क पर गंदगी होने पर निगम कर्मचारियों को दिया नोटिस
वहीं, महापौर कुसुम यादव ने किशनपोल जोन में कुछ स्थानों पर गंदगी होने पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक और स्वास्थ्य निरीक्षक को लताड़ पिलाई। महापौर कुसुम यादव के निर्देश पर उपायुक्त स्वास्थ्य देवानंद शर्मा ने किशनपोल जोन में दो मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक और दो स्वास्थ्य निरीक्षक को नोटिस भी जारी किया है। इस दौरान महापौर कुसुम यादव ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान हेरिटेज निगम क्षेत्र में गंदगी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सतर्कता पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, उपायुक्त स्वास्थ्य देवानंद शर्मा, किशनपोल जोन उपायुक्त दिलीप भंभानी सहित निगम अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश