कठुआ में अवैध लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, बीते पांच दिनों में 11 ट्रक जब्त
- DSS Admin
- May 15, 2026

कठुआ, 15 मई । वन संपदा की तस्करी पर सख्ती दिखाते हुए कठुआ वन मंडल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध जलाऊ लकड़ी (फायरवुड) से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। यह कार्रवाई लखनपुर स्थित एपीसीपी के रेंज अधिकारी संजीव सिंह की अगुवाई में विजिल टीम द्वारा की गई जो डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर कठुआ अंकित सिन्हा आईएफएस के निर्देशन में संचालित हो रही थी।
जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर जेके02सीएच-8757 में अवैध रूप से लकड़ी लादकर उसे जम्मू-कश्मीर से पंजाब की ओर ले जाया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने दिन के समय ही मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन को पकड़कर जब्त कर लिया। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि तस्करी पर लगाम लगाने के लिए उनकी टीमें 24 घंटे सतर्क हैं और संवेदनशील मार्गों व ट्रांजिट प्वाइंट्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने कहा कि जोखिमों के बावजूद अवैध लकड़ी और अन्य वन उत्पादों की तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज किया गया है।
गौरतलब हो कि गत दिनों एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में तस्करों ने पकड़े जाने से बचने के लिए वन अधिकारियों के निजी वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की जिसमें एक फॉरेस्ट गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
वन विभाग के अनुसार पिछले कुछ दिनों में तस्करी के कई प्रयास नाकाम किए गए हैं। वन विभाग ने दोहराया है कि अवैध कटान, परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------

