सिलीगुड़ी, 18 मई (हि.स.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस को मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और भक्ति नगर थाना की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पीसी मित्तल बस स्टैंड इलाके से डेढ़ किलो ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मालदा निवासी मिनाजूर रहमान और नक्सलबाड़ी निवासी एमडी सागिर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि मिनाजूर रहमान मालदा से ब्राउन शुगर लेकर नक्सलबाड़ी पहुंचा था। वहां से वह अपने साथी एमडी सागिर के साथ बाइक पर सवार होकर पीसी मित्तल बस स्टैंड इलाके में डिलीवरी देने पहुंचा था। दोनों ग्राहक का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार की ओर से मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। हाल ही में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने भी सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर के साथ बैठक कर शहर को नशा मुक्त बनाने और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने विशेष एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया।

