
सारण, 03 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने इनके पास से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पहलेजा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पटना की ओर से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार पांच हथियारबंद व्यक्ति किसी घटना को पूरा करने के उद्देश्य से आ रहे हैं। इसी दौरान पुलिस ने तेज गति से आ रही संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया। पुलिस चेकिंग देखकर स्कॉर्पियो सवार व्यक्तियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर पांचों आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे, जिनमें से पुलिस ने दो को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य भाग निकले।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पटना जिले के खगौल निवासी गोरख नट और रूपसपुर निवासी करण नट के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। गोरख नट के खिलाफ पहलेजा, खगौल और दीदारगंज थाने में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, वहीं करण नट भी गोपालगंज और धनरुआ थाने के मामलों में आरोपी है। इस संबंध में पहलेजा थाना में संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
---------------

