आयोग उपाध्यक्ष ने सफाई कर्मियों की समस्याओं के समाधान के निर्देश

नैनीताल, 18 मई (हि.स.)। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सोमवार को राज्य अतिथि गृह नैनीताल में अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर निगम हल्द्वानी, नैनीताल नगर पालिका और अन्य निकायों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों की समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मानदेय, नियमितीकरण, आवास, स्वास्थ्य परीक्षण और सेवा संबंधी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत बढ़ते कार्यों को देखते हुए सफाई कर्मचारियों के नए पद सृजित किए जाएं और मानदेय वृद्धि के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएं। साथ ही 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।

भगवत प्रसाद मकवाना ने वाल्मीकि बस्तियों में विकास कार्य, सामुदायिक भवन निर्माण,समय पर वर्दी और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। आयुष्मान और गोल्डन कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर लगाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सरिता आर्या,दिनेश आर्या,सौरभ असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर