बीएलओ और फील्ड स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

देहरादून, 23 जून (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान जनपद देहरादून में एक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के साथ हुई अभद्रता की घटना पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सख्त रुख अपनाया है। उन्हाेंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी बीएलओ या फील्ड स्टाफ के साथ असामाजिक तत्वों की ओर से अभद्रता की जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान समय में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है,जिसमें बूथ लेवल अधिकारी कठिन परिस्थितियों में घर-घर जाकर निर्वाचन संबंधी कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं उनके मनोबल को प्रभावित करती हैं और ऐसे मामलों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सभी मतदाता अभियान में तैनात बीएलओ और अन्य फील्ड स्टाफ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें,ताकि पुनरीक्षण कार्य सफलतापूर्वक और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

--------------

   

सम्बंधित खबर