दून में हरेला पर लगेंगे 15.50 लाख पौधे, एक माह चलेगा विशेष अभियान

देहरादून, 30 जून (हि.स.)। उत्तराखंड की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर इस बार हरेला पर्व के तहत देहरादून जिले में 16 जुलाई से एक माह तक विशेष पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान 15.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे और थीमैटिक पौधरोपण के माध्यम से ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए 'क्वालिटी फॉरेस्ट' विकसित किए जाएंगे। अभियान की निगरानी के लिए 'हरित कंट्रोल रूम' भी स्थापित किया जाएगा।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला पर्व केवल औपचारिक पौधरोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धरती को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से इसे व्यापक जन अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा।

उन्होंने सभी विभागों को शीघ्र पौधरोपण स्थलों का चयन करने और प्रत्येक विभाग में एक नोडल अधिकारी नियुक्त कर माइक्रो स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। अभियान में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिला समूहों और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए),सर्वे ऑफ इंडिया,ओएनजीसी और आईटीबीपी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि जिले में इस वर्ष 15.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें लगभग 50 प्रतिशत पौधे फलदार एवं चारा प्रजाति के होंगे। पौधरोपण के साथ-साथ अगले पांच वर्षों तक पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। अभियान की नियमित निगरानी के लिए 'हरित कंट्रोल रूम' स्थापित किया जाएगा,जो पूरे एक माह तक पौधरोपण की प्रगति पर नजर रखेगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को 10 जुलाई तक गड्ढों की खुदाई, जैविक खाद,ट्री-गार्ड तथा पौधों के परिवहन सहित सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। वन विभाग के मसूरी, कालसी, चकराता और देहरादून प्रभागों के माध्यम से विभिन्न विभागों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार शर्मा, वैभव सिंह, मयंक कुमार, एसडीओ अभिषेक मैठाणी सहित कृषि, उद्यान, उद्योग, शिक्षा, खेल, पेयजल और सड़क विभाग के तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर