देहरादून, 26 मई (हि. स.)। जिले के रानीपोखरी क्षेत्र में जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर गार्ड ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल सुनील कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में कार्बाइन से गोली लगने से मौत हो गई। घटना सोमवार रात नागाघेर रानीपोखरी स्थित उनके घर पर हुई। सूचना मिलने पर रानीपोखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार पुलिस लाइन देहरादून में तैनात थे और वर्तमान में जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर ड्यूटी कर रहे थे। सोमवार रात उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने पर बेटे तुषार ने उन्हें घर आने के लिए फोन किया। इसके बाद वह रात करीब 9:15 बजे घर पहुंचे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर पहुंचने के बाद वह गेट खटखटाते हुए अंदर आने लगे। इसी दौरान आंगन में जूते उतारते समय उनके गिरने और गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर पत्नी, बेटा और बेटी बाहर पहुंचे तो सुनील कुमार घायल अवस्था में जमीन पर पड़े थे और खून बह रहा था।
परिजन उन्हें तत्काल जॉलीग्रांट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रानीपोखरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उच्चाधिकारियों को जानकारी देते हुए एफएसएल और फील्ड यूनिट टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल पर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
अस्पताल में भी एफएसएल टीम ने शव का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस की ओर से पंचायतनामा की कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की जा रही है।

