नंदा देवी ईस्ट ट्रैकिंग अभियान के लिए 26 सदस्यीय दल रवाना
- DSS Admin
- May 19, 2026
पिथौरागढ़, 19 मई (हि.स.)। नंदा देवी ईस्ट ट्रैकिंग एवं मिलम ग्लेशियर अभियान के लिए चयनित 26 सदस्यीय छात्र-छात्राओं के एक दल काे जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने मंगलवार सुबह हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी भटगाई ने कहा कि जनपद पिथौरागढ़ साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है। नंदा देवी ईस्ट क्षेत्र अपने विश्व प्रसिद्ध प्राकृतिक सौंदर्य, हिमालयी संस्कृति और रोमांचक ट्रैकिंग मार्गों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान युवाओं में साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। युवाओं को पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं से जोड़ने के उद्देश्य से इस प्रकार के ट्रैकिंग अभियानों का आयोजन किया जा रहा है।
डीएम भटगाई ने प्रतिभागियों से ट्रैकिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने तथा हिमालयी क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि यह अभियान युवाओं के लिए प्रेरणादायी अनुभव सिद्ध होगा।
इस संबंध में पर्यटन विभाग के अधिकारी ने बताया कि दल में शामिल छात्र-छात्राओं को ट्रैकिंग से पूर्व आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान अनुभवी गाइड एवं प्रशिक्षकों की टीम भी साथ रहेगी। उन्हाेंने बताया कि यह विशेष ट्रैकिंग अभियान जिला योजना के अंतर्गत वित्तपोषित है, जिसका संचालन पर्यटन विभाग की ओर से किया जा रहा है। इस अवसर पर पर्यटन विभाग, प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

