सेवा पखवाड़े के दूसरे चरण को सफल बनाने में जुटेगी भाजपा: महेंद्र भट्ट
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
-अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण और सोशल मीडिया पर टिकट दावेदारी को लेकर कांग्रेस पर भी साधा निशाना
देहरादून, 03 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि शनिवार से शुरू हो रहे सेवा पखवाड़े के दूसरे चरण को सफल बनाने के लिए पार्टी प्रदेश के सभी 95 ब्लॉकों में व्यापक जनसहभागिता के साथ अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बनने के अवसर पर जनता और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए हैं और राज्य के विकास में स्थिर नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की योजनाओं को जनता का व्यापक समर्थन मिला है।
उन्होंने बताया कि 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम के दूसरे चरण के साथ सेवा पखवाड़ा भी शुरू किया जा रहा है। उनके अनुसार पहले चरण में आयोजित 650 शिविरों के माध्यम से पांच लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए थे। दूसरे चरण में भी पार्टी कार्यकर्ता, मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहेंगे।
भट्ट ने अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण को लेकर विपक्ष की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने मदरसा शिक्षा बोर्ड को भंग कर समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम उठाया है ताकि सभी वर्गों के बच्चों को समान अवसर मिल सकें। उन्होंने दावा किया कि इस नीति का अल्पसंख्यक समाज में भी स्वागत हो रहा है।
सोशल मीडिया के माध्यम से चुनावी टिकट की दावेदारी जताने के संबंध में उन्होंने कहा कि पार्टी में टिकट मांगने की एक निर्धारित प्रक्रिया है और इच्छुक नेताओं को उसी का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए दावेदारी व्यक्त करना पार्टी अनुशासन के अनुरूप नहीं है।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के मुद्दों पर भट्ट ने कहा कि भाजपा विकास के एजेंडे को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के विकास कार्यों और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड को मिले सहयोग को पार्टी चुनाव में प्रमुख मुद्दा बनाएगी।----------

