
तिनसुकिया (असम), 28 फरवरी (हि.स.)। मार्घेरिटा में एक के बाद एक प्रतिबंधित संगठन उल्फा (स्वा) कैडर का आत्मसमर्पण जारी है। शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि उल्फा (स्व) के कैडर उज्ज्वल असम उर्फ अरुंजय बोरा के आत्मसमर्पण के बाद अब एक और कैडर ने आत्मसमर्पण कर दिया है।
आत्मसमर्पण करने वाले कैडर का नाम चानेका मुंडा उर्फ राजा मुंडा बताया गया है। उसने पेंगेरी स्थित सेना के समक्ष आत्मसमर्पण किया। जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले कैडर ने एक ग्रेनेड भी सेना को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि आत्मसमर्पण करने वाले कैडर का घर बोरडुमसा थाना क्षेत्र के तालपथार में स्थित है। सेना ने कैडर को मार्घेरिटा पुलिस को सौंप दिया है।
इधर, तिनसुकिया जिला पुलिस प्रशासन ने बताया कि दोनों आत्मसमर्पित कैडरों से पूछताछ जारी है। पूरी जांच के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। बताया जा रहा है कि उल्फा (स्व) से मोहभंग होने के कारण दोनों कैडरों ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
उज्ज्वल असम उर्फ अरुंजय बोरा के परिजनों ने मीडिया को बताया कि उल्फा (स्व) के शिविरों में कैडरों को भारी खाद्य संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अरुंजय बोरा के आत्मसमर्पण के बाद भी पुलिस लगातार उससे पूछताछ में जुटी है, जिससे परिवार के सदस्य असंतुष्ट हैं। अरुंजय बोरा की मां ने कहा कि लंबे समय बाद उसे देखकर परिवार को खुशी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश