खंड शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षक पर जानलेवा हमला, पुलिस जांच में जुटी

रायबरेली, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में दिनदहाड़े खंड शिक्षा अधिकारी सहित एक शिक्षक पर जानलेवा हमला हुआ है।मंगलवार को दोपहर उनकी गाड़ी रोककर बेख़ौफ़ बदमाशों ने उन्हें लाठी-डंडों से जमकर पीटा। साथ में रहे एक शिक्षक पर भी हमला किया गया है। हमले में खंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पिटाई करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए हैं।

जिले के बछरावां में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार साथी शिक्षक राजेश के साथ बोलेरो से जा रहे थे। बछरावां थाना क्षेत्र के चूरूवा पश्चिम बाईपास के पास जीप कार सवार लोगों ने ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते चार-पांच लोगों ने लाठी-डंडे से लैस होकर मुकेश कुमार पर हमला कर दिया। जिससे वह लहुलुहान हो गए। साथ मे रहे शिक्षक राजेश कुमार ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उन्हें भी जमकर मारा गया। बदमाश घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है,जहां हालात गंभीर होने पर रायबरेली रेफर किया गया। थानाध्यक्ष श्यामलाल पाल के अनुसार जांच की जा रही है, अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ़्तार कर लिया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर