प्रबुद्धजन संवाद अभियान : भाजपा की नीतियों को घर-घर पहुंचाने पहुंची सांसद गीता शाक्य

औरैया, 13 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं प्रबुद्धजन संपर्क अभियान के तहत शनिवार को राज्यसभा सांसद गीता शाक्य उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कस्बे में पहुंची।

उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर प्रबुद्धजनों से मुलाकात की तथा उनके सुझाव और विचार प्राप्त किए।

अभियान के दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पर आधारित पुस्तक राष्ट्र प्रथम ही मंत्र है प्रबुद्धजनों को भेंट की और विकसित, सशक्त, समृद्ध एवं सुरक्षित भारत के निर्माण में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।

कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर स्थित बाबू सिंह तोमर के आवास पर पहुंचकर उन्होंने बाबू सिंह तोमर, छोटे गौर, रवि राजावत सहित अन्य प्रबुद्धजनों को पुस्तक भेंट कर उनके विचार सुने और संवाद किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। आधारभूत संरचना, रेलवे, हवाई सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, डिजिटल क्रांति तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना है, ताकि आमजन इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इसके उपरांत सांसद गीता शाक्य ने डॉ. विनीत शर्मा एवं सभासद ओपी वाथम के आवास पर पहुंचकर भी प्रबुद्धजनों से भेंट की और केंद्र सरकार की उपलब्धियों तथा विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कटेरिया, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर, जिला महामंत्री यशवीर शिखरवार, अजीतमल ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय, चेयरमैन प्रतिनिधि बाबरपुर अखिलेश चक, अटसू के स्वदेश पोरवाल, आसाराम राजपूत, अवनीश तिवारी, राम अनुराग सिंह सेंगर, सोनू चौबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

------------

   

सम्बंधित खबर